पुलिस भी पड़ी कम, गेट पर खड़े होकर श्रद्धालुओं को कराए सुचारू दर्शन
मिलाप कौशल खुंडियां
ज्वालामुखी मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्रों के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और रविवार व सोमवार को हालात ऐसे बने कि व्यवस्था संभालना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। दरअसल बैसाखी के चलते श्रद्धालु बड़ी संख्या में ज्वालामुखी मंदिर मां की दिव्य ज्योतियों के दर्शनों को आ रहे हैं।
इस बीच ज्वालामुखी मंदिर न्यास के मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने एक अलग मिसाल पेश करते हुए कुर्सी छोड़ खुद मैदान में उतरकर मोर्चा संभाल लिया। जानकारी के अनुसार, बैसाखी को हजारों श्रद्धालु मां ज्वाला के दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे मंदिर परिसर और गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस बल भी भीड़ के आगे कम पड़ता नजर आया।
ऐसे में मंदिर अधिकारी खुद निकासी गेट पर खड़े हो गए और श्रद्धालुओं को लाइन में लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन करवाने में जुटे रहे। उन्होंने कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को मौके पर दिशा-निर्देश देते हुए पूरी व्यवस्था को नियंत्रित किया।
मंदिर परिसर में धक्का-मुक्की की स्थिति न बने, इसके लिए लगातार अनाउंसमेंट और निगरानी की गई। प्रशासन ने भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है। वहीं कुछ शरारती तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है, जो व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।
मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अधिकारी के इस कदम की सराहना की और कहा कि जब अधिकारी खुद मैदान में उतरता है तो व्यवस्था अपने आप बेहतर हो जाती है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.