महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला बिलासपुर में सीपीआई और सीपीएम कार्यकर्ताओं ने शहीद मार्ग के समीप एक घंटे का मौन रखा।
संवाददाता शुभम ठाकुर बिलासपुर।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और सिद्धांतों को याद किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि मौन रखने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे जनहित से जुड़े मुद्दों की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मुद्दों को लेकर पिछले करीब 23 वर्षों से लगातार इसी तरह का रवैया अपनाया जा रहा है और आम लोगों की समस्याओं की अपेक्षित गंभीरता से सुनवाई नहीं हो रही है।
सीपीआई और सीपीएम नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और जनसेवा का रास्ता दिखाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। ऐसे महान नेताओं की पुण्यतिथि पर मौन रखकर उन्होंने समाज और शासन-प्रशासन को जनहित के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक आम जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का सिलसिला जारी रहेगा।
