November 21, 2026

किसानों ने ज़ायका परियोजना के तहत जाने खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के लाभ

30 किसानों ने नौणी विश्वविद्यालय में सीखा खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन

हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के द्वितीय चरण के तहत नाहन एवं रामपुर के 30 किसानों को डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में फसल कटाई के उपरांत प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से संबंधित विभिन्न तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। यह जानकारी जायका के अन्तर्गत गठित ज़िला परियोजना प्रबन्धन इकाई की कृषि विशेषज्ञ डॉ. तन्वी सूद ने दी।

उन्होेंने कहा कि जापान अन्तरराष्ट्रीय सहयोग एंजेसी द्वारा वित्तपोषित हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के तहत प्रदेश के सभी ज़िलों सहित सोलन ज़िला में भी किसानों को फसल विविधीकरण एवं खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से आर्थिक मज़बूती की दिशा में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 किसानों के एक समूह को नौणी स्थित विश्वविद्यालय में शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के माध्यम से व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।

उन्होंने कहा कि इस दौरान किसानों को विश्वविद्यालय के विषय विशेषज्ञ डॉ. अभिमन्यु ठाकुर एवं डॉ. अंशु ने विभिन्न फल एवं सब्जियों से प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार करने की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने स्वयं जैम एवं चटनी तैयार करने की प्रक्रिया में भाग लिया तथा टोमैटो केचप, सॉस, जूस सहित अन्य खाद्य उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण एवं संरक्षण की तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

विशेषज्ञों ने किसानों को अवगत करवाया कि कृषि एवं बागवानी उत्पादों का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन करके न केवल फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है, बल्कि उत्पादों की गुणवत्ता, भंडारण अवधि एवं बाजार मूल्य में भी वृद्धि की जा सकती है।

इस अवसर पर ज़िला परियोजना प्रबन्धन इकाई सोलन के विषय विशेषज्ञ डॉ. युवराज भी किसानों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा सीखी गई तकनीकों को अपने क्षेत्र में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉ. तन्वी सूद ने कहा कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन की तकनीकों से जोड़ना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं आय के अतिरिक्त अवसरों के लिए प्रोत्साहित करना था।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण किसानों को कृषि आधारित उद्यमिता अपनाकर आर्थिकी सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

kangrahp24@gmail.com

News Himachal 24 के लिए समाचार रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *