विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित हुआ शिविर
शाहपुर, 20 नवंबर: एटीसी शाहपुर में 18 से 20 नवंबर, 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रकृति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा।
शिविर में जिला कांगड़ा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा 9वीं और 10वीं के विज्ञान विषय के टॉपर्स ने भाग लिया। इसमें शाहपुर ब्लॉक के लोअर बेल्ट क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंज, हारचक्कियां राजकीय उच्च विद्यालय लपियाणा, परगोड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला और धारकलां सहित अन्य विद्यालयों के लगभग 45 विद्यार्थी तथा 10 एस्कॉर्ट अध्यापक शामिल हुए।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। विद्यार्थियों ने धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा का दौरा किया, जहां उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके बाद गमरू स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण करवाया गया, जहां विद्यार्थियों ने गंदे पानी के उपचार, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने भागसू स्थित डल झील तथा मैकलोडगंज स्थित दलाई लामा मंदिर परिसर का भ्रमण किया और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर का भ्रमण करवाया गया। यहां उन्हें विभिन्न तकनीकी ट्रेडों, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए कांगरी डैम का भ्रमण भी आयोजित किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों में सीखने, प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
शिविर को सफल बनाने में एटीसी शाहपुर की वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक रीनू जसवाल, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमन कुमारी तथा केंद्र के समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एटीसी शाहपुर द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, पर्यावरण, प्रकृति संरक्षण एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े ऐसे जागरूकता और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।





Leave a Reply