November 21, 2026

मतदाता जागरूकता से मजबूत लोकतंत्र का संदेश

स्वीप के अन्तर्गत ज़िला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित

व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचन भागीदारी कार्यक्रम (स्वीप) के तहत मतदाता शिक्षा, मतदाता जागरूकता फैलाने और मतदाता साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए आज ज़िला निर्वाचन कार्यालय सोलन द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से ज़िला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक, उच्च शिक्षा मधु जनारथा ने की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना व जिम्मेदार मतदाता की भूमिका से अवगत करवाना है।

उन्होंने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सोलन जिला के 09 महाविद्यालयों व 30 विद्यालयों के 131 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से स्क्रीनिंग टेस्ट के माध्यम से 08 विद्यार्थियों का चयन किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के महाविद्यालय वर्ग में राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के रौनक सिंह तथा राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के हर्ष मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बोहली की अंजली तथा केन्द्रीय विद्यालय सुबाथू के रुद्राभिषेक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरजपुर की भूमिका व स्नेहा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, शेरा की कृतिका व नंदिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में आईशर स्कूल परवाणू की उपासना सिंह ने पहला, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी की सिमरन ठाकुर ने दूसरा व राजकीय महाविद्यालय रामशहर की सुहानी ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन के प्रधानाचार्य रोहित वर्मा, तहसीलदार निर्वाचन नालागढ़ गोपी चंद, नायब तहसीलदार संजीव कुमार तथा निर्वाचन कानूनगो कुलदीप सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों एवं िवद्यालयों के अध्यापक तथा छात्र उपस्थित थे।

kangrahp24@gmail.com

News Himachal 24 के लिए समाचार रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *