News Update

एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया साइबर एवं डिजिटल सुरक्षा जागरूकता अभियान

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 8, 2026 👁 14 minutes पहले

100 स्वयंसेवकों ने करीब 100 साइबर सुरक्षा विषयों पर लोगों को किया जागरूक

गोहर, 7 अक्तूबर। कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, थुनाग स्थित गोहर गुडेहरी की एनएसएस इकाई द्वारा अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में साइबर एवं डिजिटल सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान 24 सितंबर को मनाए गए राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस वर्ष एनएसएस दिवस संगठन की स्थापना की 56वीं वर्षगांठ के रूप में मनाया गया। एनएसएस का मूल मंत्र ‘नॉट मी, बट यू’ है।

अभियान के तहत प्रत्येक एनएसएस स्वयंसेवक ने पांच लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। करीब 100 स्वयंसेवकों ने अभियान में भाग लेकर लगभग 100 अलग-अलग साइबर सुरक्षा विषयों पर लोगों को जागरूक किया। इनमें फर्जी ऑनलाइन अकाउंट, एंटीवायरस सॉफ्टवेयर, एटीएम सुरक्षा, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी ऋण योजनाएं, हैकिंग और इंटरनेट की लत सहित कई विषय शामिल रहे। स्वयंसेवकों ने जागरूकता सामग्री के माध्यम से साइबर खतरों से बचाव के उपाय भी बताए।

कॉलेज के डीन डॉ. पी.एल. शर्मा ने कहा कि डिजिटल उपकरण दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लोगों को ऑनलाइन ठगी, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और अन्य डिजिटल खतरों से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करते हैं।

सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा ठाकुर ने बताया कि अभियान का लाभ विद्यार्थियों, बच्चों, दुकानदारों, गृहणियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, कर्मचारियों और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा। लोगों को व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी साझा न करने के प्रति सचेत किया गया।

अपनी टिप्पणी दें