22 स्कूलों की छात्राओं ने चित्रकला, नारा लेखन और खेल प्रतियोगिताओं में लिया भाग
मंडी, 7 अक्टूबर. :- जिला प्रशासन मंडी द्वारा ‘डॉटर्स एम्पावरमेंट इनिशिएटिव 2.0′ (देई 2.0) के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ हुआ। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने इसमें बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
प्रियांशु खाती ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, रचनात्मक गतिविधियों और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन के दूसरे दिन भी बालिकाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन के प्रथम दिन शहर के संकन गार्डन स्थित ओपन थिएटर में चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें 99 छात्र- छात्राओं ने भाग लिया। इसके साथ ही बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
प्रतियोगिताओं में मंडी जिला के 22 विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला और नारा लेखन के माध्यम से छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, बालिकाओं के अधिकार और समाज में उनके महत्व से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। खेल प्रतियोगिताओं में भी छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
