News Update

कुठाईं व पलोहटा की मौसमी अब रिलायंस आउटलेट में बिकेगी

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 6, 2026 👁 6 hours पहले

पहली खेप में करीब दो टन मौसमी भेजी, किसानों को 40 से 45 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा दाम

एचपी शिवा परियोजना के तहत स्थापित कुठाईं और पलोहटा क्लस्टरों में तैयार मौसमी अब बड़े बाजार में दस्तक देने लगी है। दोनों क्लस्टरों से मौसमी की पहली खेप राजपुरा स्थित रिलायंस आउटलेट के लिए भेजी गई है। करीब दो टन की इस पहली खेप से क्षेत्र के किसानों में खुशी है और उन्हें अपने उत्पाद के बेहतर विपणन तथा उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है।

उपनिदेशक उद्यान विभाग मंडी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि पहली खेप में लगभग दो टन मौसमी रिलायंस आउटलेट को भेजी गई है। किसानों को इसके लिए 40 से 45 रुपये प्रति किलो तक का अच्छा मूल्य मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की ओर से वर्ष 2020-21 में एचपी शिवा परियोजना के तहत कुठाईं और पलोहटा क्लस्टरों में 64 लाभार्थी किसानों की भूमि पर कुल 16,595 मौसमी के पौधे लगाए गए थे।

उन्होंने कहा कि एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध करवाना है। बड़े रिटेल आउटलेट तक सीधे उत्पाद पहुंचने से किसानों को विपणन के नए अवसर मिलेंगे तथा उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी।

मौसमी विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फल है। इसमें पानी और फाइबर की पर्याप्त मात्रा होने के कारण इसे स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि संबंधित उद्यान विकास अधिकारी, उद्यान प्रसार अधिकारी और जिला समन्वयक सीएचपीएमए किसानों के साथ रिलायंस आउटलेट जाएंगे। इस दौरे से उन्हें व्यावहारिक विपणन की बारीकियों और तकनीकों को सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में किसानों का और अधिक प्रभावी ढंग से मार्गदर्शन एवं सहयोग कर सकेंगे।

अपनी टिप्पणी दें