संज और सवाड़ा कुड्डू परियोजनाओं का रहा सबसे बड़ा योगदान, भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम जारी
शिमला, 22 नवंबर। हिमाचल प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) ने बीते चार वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है। दिसंबर 2022 से अब तक निगम की विभिन्न जलविद्युत और सौर ऊर्जा परियोजनाओं से 3,459.99 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया है। इसके माध्यम से निगम ने 1,387.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
निगम की उपलब्धियों में संज और सवाड़ा कुड्डू जलविद्युत परियोजनाओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता को मजबूती मिली है। निगम की विभिन्न परियोजनाओं से लगातार बिजली उत्पादन होने के साथ राज्य की आर्थिक स्थिति को भी लाभ पहुंच रहा है।
बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर
प्रदेश में भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए एचपीपीसीएल कई बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इनमें किन्नौर की 450 मेगावाट क्षमता वाली शोंगटोंग-कड़छम जलविद्युत परियोजना महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और वर्ष 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अतिरिक्त निगम की अन्य जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण और विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है, ताकि प्रदेश में बिजली उत्पादन को और बढ़ाया जा सके।
500 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने का लक्ष्य
राज्य सरकार ने प्रदेश में 500 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत 47 मेगावाट क्षमता की तीन परियोजनाओं का काम शुरू हो चुका है, जबकि 29.6 मेगावाट क्षमता की तीन अन्य परियोजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है। इसके अलावा चार परियोजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है।
कांगड़ा के ज्वालामुखी क्षेत्र में राम गोपाल मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर 200 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की भी योजना है।
ग्रीन हाइड्रोजन और बायोगैस उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
प्रदेश सरकार सौर और जलविद्युत ऊर्जा के साथ हरित ऊर्जा के अन्य विकल्पों पर भी ध्यान दे रही है। इसके तहत ग्रीन हाइड्रोजन और बायोगैस उत्पादन की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इस पहल से प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
एचपीपीसीएल की चार वर्षों की उपलब्धियां प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।
चार साल में एचपीपीसीएल ने पैदा की 3,459 मिलियन यूनिट बिजली, 1,387.49 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया





Leave a Reply