सीएम ने 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया
धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा के एक चरण का समापन नहीं है, बल्कि यह जीवनभर सीखते रहने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने की नई शुरुआत है। विद्यार्थियों को मिलने वाली डिग्रियां उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों का प्रमाण हैं, लेकिन इसके साथ ही समाज के विकास में योगदान देने का दायित्व भी जुड़ा है।
मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए वर्ष 2032 तक हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष विज्ञान और डिजिटल तकनीक के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षा व्यवस्था को भी समय के अनुरूप बदलना होगा। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि शोध, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में 21वें स्थान पर था, जबकि अब प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उल्लास कार्यक्रम के तहत हिमाचल को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है।
स्कूलों के प्रवेश फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम
मुख्यमंत्री ने शिक्षा में समानता और सामाजिक समावेश को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों के प्रवेश फॉर्म से जाति का कॉलम हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहचान जाति के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, मेहनत और योग्यता के आधार पर होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, शोध, नवाचार और सरकार के विकासात्मक प्रयासों के समन्वय से वर्ष 2032 तक हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे समृद्ध, आत्मनिर्भर और स्वर्णिम राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने दीक्षांत समारोह में उपस्थित न्यायमूर्ति, विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षाविदों का भी आभार व्यक्त किया।
दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं, जीवनभर सीखने की शुरुआत: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू





Leave a Reply