आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए किया अभ्यास
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कुल्लू द्वारा हवाई अड्डा भुंतर में एयर रेड स्ट्राइक को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम देने तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के प्रथम चरण में संबंधित क्षेत्रों के पंचायती राज संस्थाओं (PRIs) के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों, एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS), नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS), aapda mitras स्वयंसेवकों तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के लिए एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर उससे निपटने के लिए अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार तथा राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान संबंधित विभागों, स्थानीय पंचायत प्रधानों, पंचायत सदस्यों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों को आपात स्थिति में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा आपसी तालमेल बनाए रखने के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यशाला के उपरांत एयर रेड एवं आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों, स्वयंसेवकों एवं संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, निर्धारित भूमिकाओं, त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया। इस से पहले उपरोक्त सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं एन सी सी केडेट्स को होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र शाढ़ाबाई में मौखिक जानकारियां उपलब्ध करवाई गयीं I मॉक एक्सरसाइज के समापन पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM), कुल्लू की अध्यक्षता में डी-ब्रीफिंग (De-briefing) सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों एवं समन्वय से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।





Leave a Reply