November 24, 2026

मंडी में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए एफसीए मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित

विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से बचने के लिए एफसीए प्रस्तावों का त्वरित निस्तारण करें सुनिश्चित- अपूर्व देवगन

मंडी, 23 नवंबर। जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करने तथा वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के अंतर्गत लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित एफसीए प्रस्तावों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले में वन संरक्षण अधिनियम के तहत अब तक कुल 38 विकास परियोजनाओं के मामलों को अंतिम स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिनमें लोक निर्माण विभाग के 18, जल शक्ति विभाग के 7, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के 2 तथा अन्य विभागों के 11 मामले शामिल हैं।

उपायुक्त ने कहा कि जनहित एवं विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से बचने के लिए एफसीए प्रस्तावों का त्वरित निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मत्स्य, तकनीकी शिक्षा और एपीएमसी सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हो सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विभाग नियमों के अनुसार पूर्ण दस्तावेजों के साथ समय पर प्रस्ताव प्रस्तुत करें तथा आपसी समन्वय बनाते हुए लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें, जिससे स्वीकृति प्रक्रिया में किसी प्रकार का विलंब न हो।

बैठक का संचालन वन मंडलाधिकारी (मुख्यालय) एस.एस. कश्यप ने किया और जिले में लंबित एफसीए प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति तथा प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में डीएफओ मंडी संजीव शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि एसीएफ सुकेत, डीएफओ नाचन, जोगिंद्रनगर, करसोग तथा अन्य विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

kangrahp24@gmail.com

News Himachal 24 के लिए समाचार रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *