सरकारी अस्पताल में विश्वस्तरीय तकनीक से मरीजों को मिल रहा बेहतर उपचार, समय और पैसे की भी हो रही बचत
मंडी। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार आम लोगों के लिए राहत लेकर आ रहा है। मंडी जिले के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शुरू की गई अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है। करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध करवाई गई इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब तक 232 से अधिक सफल रोबोटिक ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक का लाभ मिल रहा है। पहले जिन जटिल ऑपरेशनों के लिए मरीजों को बड़े शहरों या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, अब उन्हें अपने ही प्रदेश में बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
रोबोटिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस तकनीक से ऑपरेशन में अधिक सटीकता मिलती है और मरीजों को उपचार के दौरान कम परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही समय और आर्थिक खर्च में भी बचत हो रही है।
सरकारी अस्पताल में इस सुविधा के उपलब्ध होने से आम और जरूरतमंद परिवारों को विशेष लाभ मिल रहा है। महंगे निजी अस्पतालों में उपचार करवाने की मजबूरी कम होने के साथ मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही मिल रही हैं।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी के सफल संचालन से हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है। 232 से अधिक सफल ऑपरेशन इस बात का प्रमाण हैं कि सरकारी अस्पताल भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
28 करोड़ की रोबोटिक तकनीक बनी वरदान, नेरचौक में 232 सफल ऑपरेशन





Leave a Reply