परिसीमन पर कांग्रेस अपना रुख तय करेगी, सभी दल करेंगे फैसले का पालन; सरकार के चार साल पूरे होने पर होगा सेवा सम्मेलन
धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में जिलों के पुनर्गठन को लेकर गठित आयोग पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। इस संबंध में उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी अपना रुख तय करेगी और सभी राजनीतिक दलों को फैसले का पालन करना होगा।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्यों के लिए केंद्र के प्रावधान के तहत परिसीमन पर विधेयक पेश होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेश बढ़ाने के लिए पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का करीब 10 प्रतिशत क्षेत्र ही मैदानी है। ऐसे में निवेश की रणनीति तैयार करते समय प्रदेश की भौगोलिक और पारिस्थितिक परिस्थितियों का ध्यान रखना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ पर्यावरण और पारिस्थितिकी का संतुलन भी बना रहे।
पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्दी में देश के करीब 35 प्रतिशत फार्मास्यूटिकल उत्पाद बनते हैं, लेकिन जीएसटी व्यवस्था लागू होने के बाद उत्पादन आधारित राज्यों को पहले जैसा आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है। पहले प्रदेश को वैट और एक्साइज से करीब 4,000 करोड़ रुपये मिलते थे। ऐसे में पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र को बढ़ावा देकर राजस्व बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी लाभ पहुंचाया जा सकता है।
चार साल पूरे होने पर होगा सेवा सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर कोई जश्न नहीं, बल्कि सेवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को जागरूक करना और आगामी कार्यों की दिशा बताना है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ आम आदमी, गरीब, किसान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार इसी सोच के साथ प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है।
जिलों के पुनर्गठन पर उचित समय पर होगा फैसला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू





Leave a Reply