News Update

विधायक किशोरी लाल ने अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 23, 2026 👁 3 hours पहले

19 लाख रुपये की लागत से निर्मित बॉक्सिंग रिंग का किया लोकार्पण

बैजनाथ, 22 अक्तूबर

विधायक किशोरी लाल ने पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की तीन दिवसीय पुरुष एवं महिला वर्ग की ताइक्वांडो चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की 23 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें कुल 132 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जहां युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक क्षमता का विकास होता है, वहीं अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना जैसे गुण भी विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो एक महत्वपूर्ण मार्शल आर्ट एवं आत्मरक्षा पर आधारित खेल है, जिसमें खिलाड़ी अपनी फुर्ती, संतुलन, एकाग्रता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। शिक्षण संस्थानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के छात्रावास को पुनः खुलवाया गया है जिससे विद्यार्थियों को आवास की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय में एमए के छह विषयों में पढ़ाई शुरू की गई है जिससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध हुए हैं।

उन्होंने कहा कि बैजनाथ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार से पांच करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है तथा इसके अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये और प्राप्त होंगे। इससे क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं को विभिन्न खेलों में अभ्यास करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम के निर्माण से खिलाड़ियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अभ्यास एवं खेल गतिविधियां जारी रखने में सहायता मिलेगी।

*19 लाख रुपए की लागत से निर्मित बॉक्सिंग रिंग का किया लोकार्पण*

इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने महाविद्यालय परिसर में 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित बॉक्सिंग रिंग का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का विकास युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बॉक्सिंग रिंग के उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि महाविद्यालय के खिलाड़ी इन सुविधाओं का लाभ उठाकर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो० उपेंद्र शर्मा, प्रदेश एस सी सैल के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, पी टी ए अध्यक्ष रणजीत राणा, महिला कांग्रेस अध्यक्षा रिचा शर्मा, जिला महासचिव अजय अवस्थी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, मिलाप राणा, अनूप कौल, अमित शर्मा, अंशुल धीमान, मनीष शर्मा, सुभाष, कृष्ण राणा, जगदीश राणा, कार्तिक राणा, विमला, चंद्रा देवी, रीनू, शलभ अवस्थी, संजय सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें