किसानों की आय बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही एचपी शिवा परियोजना- जगत सिंह नेगी
मंडी, 22 अक्तूबर। उद्यान, राजस्व, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज गोहर उपमंडल के बाढू में लगभग एक करोड़ 54 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन किए।
उन्होंने गोहर के उद्यान विस्तार केंद्र बाढू में लगभग 52 लाख रूपये से नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवन, फल संतति और प्रदर्शनी बाग़ मधान में 66 लाख की रुपए की लागत से नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवनों तथा करीब 36 लाख रुपए की लागत से निर्मित पौध स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर का उद्घाटन किया।
बाढू में जनसभा को संबोधित करते हुए बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की एचपी शिवा परियोजना प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। आम, अमरूद, लीची, संतरा तथा अन्य उपोष्णकटिबंधीय फलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
तीन वर्षों में 190.67 लाख रुपये का अनुदान
बागवानों को प्रोत्साहित करने और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पिछले तीन वर्षों में लगभग 190.67 लाख रुपये की अनुदान राशि खर्च की गई है। इससे गोहर ब्लॉक के 497 बागवान लाभान्वित हुए हैं। सरकार के प्रोत्साहन एवं किसानों की मेहनत से क्षेत्र में फल उत्पादन लगभग चार हजार मीट्रिक टन तक पहुंच चुका है।
गोहर में प्लम व जापानी फल के चार क्लस्टर विकसित
गोहर ब्लॉक में एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत लगभग 24.2 हेक्टेयर क्षेत्र में प्लम एवं जापानी फल के चार क्लस्टर विकसित किए गए हैं। इनमें मंझोग धनियुत, बागा चलौग, मंझागन चूड़ारा तथा लटोगली शामिल हैं। इन क्लस्टरों के माध्यम से कुल 146 लाभार्थियों को लाभ मिला है।
इन क्लस्टरों में पौधरोपण, भूमि विकास, सौर बाड़बंदी और टपक सिंचाई जैसी विभिन्न गतिविधियों पर 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अब तक 27.9 लाख रुपये की खाद, प्लास्टिक मल्च तथा कैंचियां भी बागवानों को वितरित की गई हैं। इस वर्ष परियोजना के अंतर्गत नौ प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें पांच ब्लूबेरी तथा चार प्लम एवं जापानी फल से संबंधित हैं। ग्राम पंचायत किलिंग के नछेत में एक नया क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव भी है।
हर पौधे तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत पौधों की बेहतर वृद्धि और उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए सिंचाई सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। जल शक्ति विभाग के सहयोग से सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि प्रत्येक पौधे तक पानी पहुंच सके। इसके अतिरिक्त, बागवानों को कृषि एवं बागवानी कार्यों में सुविधा प्रदान करने के लिए मशीन बैंक की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। परियोजना के तहत निर्धारित कार्यों को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की दी जानकारी
वन अधिकार अधिनियम की जानकारी देते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि पात्र वन निवासियों एवं परंपरागत वन निवासियों को कानून के प्रावधानों के अनुसार वन अधिकारों का लाभ मिल सकता है। पात्र लोगों से आग्रह किया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ग्राम स्तरीय समितियों के माध्यम से अपने दावों का सत्यापन एवं अनुमोदन करवाएं। वन अधिकारों से संबंधित दावों में कानून के तहत निर्धारित पात्रता, साक्ष्य और अन्य शर्तों का पालन आवश्यक है।
कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
मंत्री ने लोगों से हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र कामगार संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें, ताकि उन्हें सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का लाभ मिल सके।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में हिमाचल के साथ नाचन विधान सभा क्षेत्र का भी समग्र विकास हो रहा है।
ग्राम पंचायत बाढु की प्रधान सीता ठाकुर ने पंचायत को ओर से स्वागत किया तथा अपनी पंचायत की मांगें रखी।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान दीप शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान दलीप कुमार,पंचायत समिति सदस्य किलिंग बिंद्रा शर्मा ,कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह गुड्डू, युवा कांग्रेस के जिला महामंत्री करण राणा, नाचन के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, ग्राम पंचायत शिल्हणु की प्रधान निशु कुमारी, किलिंग के प्रधान केसर सिंह, उद्यान विभाग हिमाचल प्रदेश के निदेशक डॉ. सतीश शर्मा, अतिरिक्त निदेशक डॉ. विद्या प्रकाश वैन्स, उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवी राम, उपनिदेशक उद्यान मंडी डॉ. संजय गुप्ता सहित पंचायतों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
