News Update

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री ने करसोग में गरीबा द्वारा तैयार की गई सेब नर्सरी का निरीक्षण किया

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 23, 2026 👁 2 hours पहले

नर्सरी में 62 हजार पौधे बिक्री के लिए तैयार, बागवानों ने 65 प्रतिशत पौधों की करवाई बुकिंग, जनवरी में मिलेंगे पौधे

करसोग, 22 अक्टूबर।

प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज करसोग स्थित उद्यान विभाग की पीईक्यू (पोस्ट एंट्री क्वारन्टीन) साइट पर गरीबा द्वारा तैयार की गई सेब की नर्सरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नर्सरी में उगाए गए सेब के विभिन्न किस्मों के पौधों का जायजा लिया तथा बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधे उपलब्ध करवाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान बागवानी मंत्री ने बताया कि नर्सरी में सेब की गाला वैरायटी की विभिन्न किस्मों के लगभग 75 हजार पौधे रोपे गए हैं, जिनमें से 62 हजार पौधे बिक्री के लिए तैयार पाए गए हैं। बिक्री योग्य पौधों में से लगभग 65 प्रतिशत लगभग 40 हजार पौधों की बागवानों द्वारा पहले ही एडवांस बुकिंग करवाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इससे नर्सरी में तैयार पौधों के प्रति बागवानों की रुचि का पता चलता है। बागवानी मंत्री ने बताया कि बागवानों को प्रति पौधा 550 रुपए की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उद्यान विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाले सेब के पौधे उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस नर्सरी को तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि नर्सरी में तैयार किए गए सेब के पौधे आगामी जनवरी, फरवरी माह में बागवानों को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे, ताकि वे निर्धारित समय पर अपने बगीचों में पौधरोपण कर सकें। उच्च गुणवत्ता वाले पौधों की उपलब्धता से बागवानों को अपने बगीचों के विस्तार और फल उत्पादन को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बागवानों से भी आग्रह किया कि उच्च गुणवत्ता वाले सेब के पौधों की खरीद विभाग से ही करे।

बागवानी मंत्री ने इस अवसर पर करसोग स्थित मिनी सचिवालय भवन और अपना पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश राज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, निदेशक हॉर्टिकल्चर विभाग डॉ सतीश शर्मा,

एसडीएम करसोग अलीशा चौहान,

सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें