News Update

गज्ज खड्ड पुल से नगरोटा सूरियां और ज्वाली के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : कृषि मंत्री

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 23, 2026 👁 3 hours पहले

86.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का कृषि मंत्री ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश

जवाली, 22 अक्तूबर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गज्ज खड्ड पर 86.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित कंपनी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश सरकार द्वारा इसे शीघ्र जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से नगरोटा सूरियां और ज्वाली क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।

उन्होंने कहा कि गज्ज खड्ड पर पुल बनने से नगरोटा सूरियां से ज्वाली की दूरी लगभग 25 किलोमीटर से घटकर 16 किलोमीटर रह जाएगी। इससे लोगों के समय और यात्रा खर्च की बचत होगी तथा क्षेत्र में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि यह पुल नगरोटा सूरियां क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहिंदर धीमान, एसडीओ नरेंद्र राणा,जेई विजय,पूर्व बीडीसी सदस्य कैलाश भारती व उमेश धीमान, पूर्व उपप्रधान ख़बल पंचायत अशोक कुमार,रामपाल धीमान,गोरख चंद,मनोज तथा हंसराज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें