देहरा, 07 अक्तूबर, 2026। बाल विकास परियोजना देहरा के सौजन्य से आज आंगनवाड़ी केंद्र दरयाड़ा में नवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अंतर्गत परियोजना स्तरीय पोषण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस वर्ष पोषण माह की थीम “मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी” रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने पोषण अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पोषण केवल पर्याप्त भोजन ग्रहण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों की उचित वृद्धि एवं विकास, एनीमिया की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली भी इसके महत्वपूर्ण घटक हैं।
उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 सितम्बर से 8 अक्तूबर, 2026 तक पोषण माह का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न पोषण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ समुदाय में स्वास्थ्य, पोषण एवं बाल विकास संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनमें बच्चों की वृद्धि निगरानी, पोषण परामर्श, पूरक पोषाहार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए उपलब्ध सेवाएं तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं विकास संबंधी गतिविधियां शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक नवविवाहित गर्भवती महिला की पारंपरिक गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। उपस्थित महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिला को शुभकामनाएं दीं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की।
वृत्त पर्यवेक्षक शिखा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें बच्चों की वृद्धि निगरानी, पोषण एवं संतुलित आहार संबंधी जागरूकता, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की पोषण काउंसलिंग, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, पोषण वाटिका, स्वच्छता एवं हाथ धोने संबंधी गतिविधियां तथा बच्चों के लिए प्रारंभिक उद्दीपन एवं खेल-आधारित गतिविधियां शामिल हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों से पोषण संबंधी संदेशों को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने तथा पोषण को जन आंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
अंत में बाल विकास परियोजना देहरा की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम पंचायत की प्रधान रंजना कुमारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक शिखा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित लगभग 80 महिलाओं ने भाग लिया।
