News Update

जल जीवन मिशन के तहत ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 30, 2026 👁 4 hours पहले

अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि प्रत्येक परिवार को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करंे। दिव्यांशु सिंगल आज यहां जल शक्ति विभाग के सौजन्य से जल जीवन मिशन के तहत ज़िला जल एवं स्वच्छता मिशन के सम्बन्ध में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के साथ-साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों को सुनिश्चित किया जाए।

दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। इसलिए विभाग स्थानीय लोगों के साथ आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों और कार्यालयों में पेयजल टैंकों को साफ करवाना सुनिश्चित बनाएं। इसके अतिरिक्त सभी होटल, ढाबों व रेस्टोरेंट में उपयोग होने पेयजल की गुणवत्ता की जांच भी करें।

उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को प्रत्येक पंचायत में हर घर जल की प्रमाणिकता करने के निर्देश भी दिए।

दिव्यांशु सिंगल ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपने क्षेत्र के प्राकृतिक पेयजल स्त्रोतों की सफाई करवाना व निरीक्षण करना सुनिश्चित बनाएं ताकि स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि वह अपने पेयजल की जांच निर्धारित फीस जमा कर जल शक्ति विभाग से करवा सकते हैं।

बैठक में विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी गई।

बैठक की कार्यवाही का संचालन जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता आशीष राणा ने की।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व जल शक्ति विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित थे।

अपनी टिप्पणी दें