बाल-बाल टला बड़ा हादसा, दोनों वाहन खाई में गिरने से बचे; कई यात्री घायल
जसवां-परागपुर क्षेत्र के बणी में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सवारियों से भरी फोर्स ट्रैवलर और पिकअप ट्राले के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में ट्रैवलर में सवार कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार पिकअप ट्राला ऊना से कांगड़ा की ओर जा रहा था, जबकि सवारियों से भरी फोर्स ट्रैवलर धर्मशाला से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बणी में दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिकअप ट्राला चालक की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वाहन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ते तो दोनों वाहन गहरी खाई में जा सकते थे, जिससे हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
