विद्यार्थियों ने वॉल पेंटिंग के माध्यम से दिया स्वच्छ सुंदरनगर का संदेश
सुंदरनगर में एसडीएम अमर नेगी के नेतृत्व में चल रहे ‘स्वच्छ हवा एवं नशा मुक्ति सुंदरनगर’ अभियान के तहत रविवार को विशेष वॉल पेंटिंग अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छ हवा, नशामुक्ति और स्वच्छ सुंदरनगर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को जन-जागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करना रहा। इस अभियान में क्रयाश संस्था के डॉ. धर्मेश शर्मा ने समन्वय एवं सहयोग प्रदान किया।
वॉल पेंटिंग अभियान में महावीर पब्लिक स्कूल, एंजल पब्लिक स्कूल, मदर्स आर्म ग्लोबल स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल और पैराडाइज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों एवं टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ललित चौक तथा सुंदरनगर पुलिस स्टेशन के बाहर स्थित दीवारों पर आकर्षक चित्रों और जागरूकता संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ हवा, नशे से दूर रहने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संदेश प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि वॉल पेंटिंग का उद्देश्य केवल दीवारों को रंगना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थलों को जागरूकता के मंच में बदलना है। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से आम लोगों तक पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन का सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान में प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं की सहभागिता से समाज में जागरूकता को नई दिशा मिल रही है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुंदरनगर को स्वच्छ, स्वस्थ और नशामुक्त बनाने के सामूहिक प्रयासों की सकारात्मक मिसाल है।
