News Update

45वें दिन में पहुंची संघर्ष समिति की क्रमिक भूख हड़ताल।

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 3, 2026 👁 22 seconds पहले

क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र को जोगिंदर में ही बहाल करवाने के लिए अड़ी जनता।

किरण राही/(मण्डी) ।
जोगिंदर नगर के हर्बल गार्डन स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र को जोगिंदर नगर से सोलन शिफ्ट करने की नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग पर शुरू हुई भूख हड़ताल आज 45वें दिन में पहुंच चुकी है। आज भूख हड़ताल के क्रम को आगे बढ़ाने के लिए रोपड़ी कलेहड़ू पंचायत के रविंदर बल्याणी, नागेश कुमार, मनु व जोगिंदर नगर से राज कुमार ने मोर्चा संभाला। इस अवसर पर संघर्ष समिति के महासचिव रोटेरियन अजय ठाकुर ने पिछले कल की टीम को रिलीव करने तथा नई टीम को बैठने की घोषणा की। इस अवसर पर संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, सचिव कर्म चंद, सेवानिवृत मुख्याध्यापक रवि कुमार, डॉक्टर राजेंद्र सिंह, प्रेम, अर्जुन, सुभाष चंद, लक्की, श्याम सिंह, सोहन सिंह, जय करण, रमेश आदि भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संयोजक कुशाल भारद्वाज, महासचिव अजय ठाकुर तथा सचिव कर्म चंद ने कहा कि जोगिंदर नगर का संस्थान छीनने के खिलाफ शुरू हुआ संघर्ष इसकी बहाली तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक ऐसे क्षेत्र से जहां इस संस्थान के लिए जमीन, जलवायु और जरूरी आधारभूत ढांचा उपलब्ध है, से एकाएक संस्थान छीन दूसरे जिला को शिफ्ट करना क्षेत्रवासियों का अपमान है और यह पूरी तरह से भेदभावपूर्ण फैसला है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि अपने फैसले को सुधार कर इस संस्थान को पुनः बहाल किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो अब निश्चित ही उग्र आंदोलन शुरू किया जायेगा और भूख हड़ताल तब तक जारी रखी जाएगी, जब तक कि मांग पूरी नहीं होती है।

वहीं संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरुशरण परमार ने कहा कि हमें उम्मीद है कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय से शीघ्र ही बातचीत का न्यौता मिलेगा जिसमें संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल संस्थान को जोगिंदर नगर में बनाए रखने की पुरजोर पैरवी करेगा।

अपनी टिप्पणी दें