News Update

गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान की कठिन अल्माटी हाफ मैराथन पूरी की

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 28, 2026 👁 2 hours पहले

युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

पालमपुर, 27 सितंबर

मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार और शासन) गोकुल बुटेल ने कजाकिस्तान के प्रमुख शहर अल्माटी में 27 सितंबर को आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में 21.1 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। मध्य एशिया के इस ऐतिहासिक शहर के दक्षिण में स्थित ट्रांस-इली अलाताउ (Trans-Ili Alatau) पर्वत श्रृंखला इस दौड़ को बेहद कठिन और विशेष भौगोलिक चुनौती प्रदान करती है, जहाँ मार्ग दक्षिण के ऊंचे व खड़े पर्वतीय क्षेत्रों से उत्तर के समतल मैदानों की ओर ढलता है।

मैराथन पूर्ण करने के पश्चात गोकुल बुटेल ने प्रदेशवासियों और विशेषकर युवा वर्ग से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशीले पदार्थों व सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियाँ न केवल शरीर को तंदुरुस्त रखती हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करती हैं।

उन्होंने मैराथन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अल्माटी मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव, समावेशिता (Inclusivity), और निरंतरता (Sustainability) का प्रतीक है। इसका मुख्य उद्देश्य सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना और परोपकार (Charity) के कार्यों में योगदान देना है। आयोजकों (‘Courage to Be First’ कॉर्पोरेट फाउंडेशन) द्वारा मैराथन की प्रवेश फीस का एक बड़ा हिस्सा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (Children with special needs) के लिए खेल अवसंरचना के निर्माण और चैरिटी प्रोजेक्ट्स में उपयोग किया जाता है।

गोकुल बुटेल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रेरणा लेकर हमारे युवाओं को भी सकारात्मक सोच के साथ खेल-कूद से जुड़ना चाहिए और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

अपनी टिप्पणी दें