News Update

आंगनवाड़ी केंद्र अपर धवाला में पोषण माह के तहत जागरूकता शिविर आयोजित

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 26, 2026 👁 18 hours पहले

देहरा, 25 सितम्बर 2026। बाल विकास परियोजना देहरा के सौजन्य से आज आंगनवाड़ी केंद्र अपर धवाला में नवां राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत परियोजना स्तरीय पोषण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की थीम “मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी” रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने पोषण अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पोषण केवल पर्याप्त भोजन ग्रहण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों की वृद्धि एवं विकास, एनीमिया की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली भी इसके महत्वपूर्ण अंग हैं।

उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह 2026 का आयोजन 9 सितम्बर से 8 अक्टूबर, 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न पोषण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ समुदाय में स्वास्थ्य, पोषण एवं बाल विकास संबंधी जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं, बच्चों की वृद्धि निगरानी, पोषण परामर्श, पूरक पोषाहार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए उपलब्ध सेवाओं तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी भी दी।

आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. दीक्षा राणा ने संतुलित आहार एवं आहार विविधता विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं के बारे में बताते हुए बच्चों, महिलाओं तथा अन्य आयु वर्ग के व्यक्तियों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दैनिक आहार में विभिन्न खाद्य समूहों को उचित मात्रा में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने असंतुलित एवं अपर्याप्त पोषण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने तथा स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने का आह्वान किया।

कृषि विकास अधिकारी देहरा डॉ. राम कुमार शर्मा ने उपस्थित महिलाओं को पोषण वाटिका तैयार करने एवं उसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के आसपास उपलब्ध स्थान का उपयोग कर विभिन्न प्रकार की पौष्टिक सब्जियों एवं खाद्य फसलों का उत्पादन किया जा सकता है। इससे परिवारों को स्थानीय स्तर पर ताजे एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आहार में विविधता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी तथा पोषण वाटिका के माध्यम से पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय भाषा में एक विशेष जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया। गीत के माध्यम से गर्भधारण से लेकर बच्चे के जन्म तथा जन्म के पश्चात बच्चे की उचित देखभाल एवं बरती जाने वाली सावधानियों से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की इस रचनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को पोषण तथा मातृ एवं शिशु देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। स्थानीय भाषा में प्रस्तुत यह गीत कार्यक्रम के आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। कार्यक्रम के दौरान एक नवविवाहित गर्भवती महिला की पारंपरिक गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिला को शुभकामनाएं दीं।

वृत्त पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण माह के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें बच्चों की वृद्धि निगरानी, पोषण एवं आहार संबंधी जागरूकता, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की पोषण संबंधी काउंसलिंग, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, पोषण वाटिका, स्वच्छता एवं हाथ धोने संबंधी गतिविधियां तथा बच्चों के लिए प्रारंभिक उद्दीपन एवं खेल-आधारित गतिविधियां शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से पोषण संबंधी संदेशों को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने तथा पोषण को जन आंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। शिविर में लगभग 100 महिला प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के समन्वय एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पोषण संबंधी जागरूकता को सुदृढ़ करना तथा स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

अंत में बाल विकास परियोजना देहरा द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सभी विभागीय अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. दीक्षा राणा, कृषि विकास अधिकारी देहरा डॉ. राम कुमार शर्मा, वृत्त पर्यवेक्षक बबीता आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित लगभग 100 महिलाओं ने भाग लिया।

अपनी टिप्पणी दें