News Update

प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को दे रही नई गति, पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे : मलेन्द्र राजन

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 25, 2026 👁 24 seconds पहले

ग्रामीण विकास को नई गति देने में जुटे विधायक मलेन्द्र राजन

पंचायतों में पहुंचकर विकास कार्यों की कर रहे समीक्षा, अब तक 10 पंचायतों में हुआ संवाद

इंदौरा, 24 सितंबर: प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण एवं सुदृढ़ विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। विधायक मलेन्द्र राजन द्वारा पंचायत स्तर पर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बैठकें कर क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

इसी क्रम में आज विधायक मलेन्द्र राजन ने मीलवां और उलैहड़ियां पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान पूर्ण हो चुके विकास कार्यों, वर्तमान में चल रहे कार्यों तथा भविष्य में प्रस्तावित योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों से क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए उनके सुझाव भी प्राप्त किए।

विधायक मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायतों के विकास की वास्तविक तस्वीर तभी सामने आ सकती है, जब जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ सीधे संवाद किया जाए। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर जाकर लोगों की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

विधायक ने कहा कि पंचायतों में जाकर समीक्षा करने का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं की जानकारी लेना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ निरंतर संवाद से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सकता है।

गौरतलब है कि पंचायत स्तर पर चल रही इस समीक्षा प्रक्रिया के तहत अब तक 10 पंचायतों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया जा चुका है। इनमें डैंकवां, लोधवां, देओठी, बडूखर, घेटा, भलाख, भोगरवां, राजगीर, मीलवां और उलैहड़ियां पंचायतें शामिल हैं।

मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायतों की यह समीक्षा प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत की विकास आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य योजनाएं बनाने तक सीमित न रहकर उन्हें पंचायतों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप धरातल पर लागू करना है। पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

अपनी टिप्पणी दें