News Update

अंडर-19 जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरएस बाली ने की शिरकत, आयोजन के लिए दिए एक लाख रुपये

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 19, 2026 👁 17 seconds पहले

नगरोटा बगवां। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समलोटी में अंडर-19 जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा के विधायक आरएस बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

आरएस बाली ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बेहद प्रभावी भूमिका निभाते हैं। इन आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं।

उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा सीबीएसई स्कूलों की संख्या भी निरंतर बढ़ाई जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर आरएस बाली ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी 63 स्कूलों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनकी सहभागिता और प्रतिभा को सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, शिक्षक, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें