News Update

करेरी के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार : केवल सिंह पठानिया

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 19, 2026 👁 48 minutes पहले

केवल सिंह पठानिया ने किया करेरी ट्रैक एवं झील के विकास कार्य का शिलान्यास, खर्च होंगे 50 लाख रुपये

धर्मशाला, 18 अक्तूबर : शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को करेरी क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 लाख रुपये की लागत से करेरी ट्रैक एवं करेरी झील के विकास, पर्यटन अधोसंरचना के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के समग्र उन्नयन के कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप कुमार रत्न भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करेरी क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि करेरी ट्रैक और करेरी झील न केवल कांगड़ा जिला, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण पर्यटन आकर्षण बन सकते हैं।

उपमुख्य सचेतक ने बताया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के विकास और अन्य कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से संबंधित विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यटन विकास की योजनाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र के युवाओं को पर्यटन गाइड, ट्रैकिंग, पर्वतारोहण से संबंधित गतिविधियों और अन्य पर्यटन सेवाओं के लिए प्रशिक्षण देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे करेरी की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यटकों को भी स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करके ही करेरी को एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनाए रखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि करेरी तक पहुंच को सुविधाजनक बनाना पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और पर्यटन की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि करेरी और आसपास के गांवों में परिवहन पर्यटन, सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप कुमार रत्न ने कहा कि उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है और शाहपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर करेरी ग्राम पंचायत की प्रधान सुषमा देवी, उप प्रधान करतार चंद, सल्ली ग्राम पंचायत की प्रधान नर्सों देवी, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटाकू, उप प्रधान निर्मल, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश, श्रेष्ठा देवी, तेजी सुकरण, हरनाम, करेरी लग कमेटी के सदस्य राजीव कुमार, सुरेश, संसार चंद, रवि कुमार, बालक राम, विजय कुमार अरविंद, शम्मी, अध्यक्ष शशि पाल, महामंत्री अक्षय, महेंद्र, नंदलाल, मनोज कुमार, विजय कुमार, दौलत राम, सुमित शर्मा, डीएफओ अमित शर्मा, बीडीओ योगेंद्र सहित गणमान्य तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे

अपनी टिप्पणी दें