भव्य शोभा यात्रा में शामिल हुए सैकड़ो स्थानीय लोग
जयसिंहपुर, 18 अक्तूबर- आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने भव्य शोभा यात्रा साथ जयसिंहपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव का शुभारंभ किया। उत्सव की शुरुआत मंत्री द्वारा जयसिंहपुर बस स्टैंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से मुख्य मेला ग्राउंड तक शोभा यात्रा निकाली गई ।
इस अवसर पर मंत्री गोमा ने जयसिंहपुर चौगान में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का उद्घाटन और अवलोकन किया, जिसमें प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ढांचागत विकास पहलों को प्रदर्शित किया गया।
मंत्री यादविंद्र गोमा ने समस्त प्रदेशवासियों को नवरात्रि और विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जयसिंहपुर का यह दशहरा महोत्सव उनके विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपार आस्था और विश्वास का पर्व है। मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा सांस्कृतिक संरक्षण और मेलों के महत्व पर दिए जा रहे विशेष बल को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे पारम्परिक त्यौहार स्थानीय संस्कृति व कला को जीवित रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को बढ़ाने और स्थानीय व्यापार व अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान मंत्री ने पारंपरिक कन्या पूजन किया और स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
आयुष मंत्री ने दशहरा महोत्सव की प्रथम संस्कृति संध्या में बतौर मुख्यतिथि शिरकत भी की।
इस गरिमामय अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम संजीव ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष मीना कुमारी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, डीएसपी संदीप शर्मा,तहसीलदार ललित ठाकुर, नायब तहसीलदार राजीव शर्मा, विकास खंड अधिकारी सिकंदर कुमार, पंचायती राज संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
