प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को दे रही प्राथमिकता: किशोरी लाल
बैजनाथ, 14 अक्तूबर
विधायक किशोरी लाल ने ग्राम पंचायत कंदराल में विद्युत विभाग द्वारा 8 लाख 61 हजार रुपये की लागत से स्थापित 63 केवीए ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से आसपास के 57 घरों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या में सुधार होगा।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास तथा लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ कर लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया जाए।
उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं जिनका लाभ क्षेत्रवासियों को मिल रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कंदराल में भी अनेक विकासात्मक कार्य करवाए गए हैं। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान कर रही है ताकि लोगों को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जाने वाली मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार आगामी समय में उन्हें पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान विधायक किशोरी लाल ने पालमपुर से ग्वाल-टिक्कर तक चलने वाली बस सेवा को ग्राम पंचायत कंदराल तक विस्तारित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बस सेवा के कंदराल तक पहुंचने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को विशेष लाभ होगा।
इस अवसर पर प्रधान कंदराल चंचला देवी, प्रधान हरेड़ मिलाप भट्ट, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज मनहास, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, प्रवक्त़ा रमेश चड्ढा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, रत्नपाल, कुंजू राम, अशोक गुलेरिया, अरविंद कटोच, लता देवी, चंद्रा देवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
