News Update

सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मलेंद्र राजन

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 15, 2026 👁 54 minutes पहले

विधायक मलेंद्र राजन ने मंगवाल स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में की शिरकत

इंदौरा, 14 अक्टूबर। विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगवाल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के विकास कार्यों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्कूल में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। जमीन की उपलब्धता होने पर विद्यालय में भव्य खेल मैदान का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

*शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार*

मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी स्कूलों में घटते नामांकन को देखते हुए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है तथा चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के चार स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाना है।

इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मनोरंजन किया।

समारोह में जरम सिंह ठाकुर, प्रीतो देवी, सुरेश कुमार, विजेंद्र कंवर, विजेंद्र पठानिया, नरेंद्र शर्मा, देवेंद्र, सुरेंद्र कुमार, करण सिंह, संतोष शास्त्री, आंचल, सरिता सांब्याल और विशाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें