इंदौरा में 15 लाख से बन रहा खेल मैदान व ओपन जिम जल्द होगा तैयार; इंदौरा उत्सव में उत्कृष्ट रामलीला क्लबों को मिलेंगे 31 हजार, 21 हजार व 11 हजार रुपये
इंदौरा, 14 अक्टूबर। विधायक मलेंद्र राजन ने आज लगभग 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगवाल पुल का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कृष्णा रामलीला क्लब, इंदौरा में लगभग 5 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि इंदौरा में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहा खेल मैदान एवं ओपन जिम का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद और व्यायाम के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इंदौरा उत्सव में रामलीला क्लबों को मिलेंगे नकद पुरस्कार
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इंदौरा उत्सव के दौरान क्षेत्र की उत्कृष्ट रामलीला मंडलियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले क्लबों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त विजेता क्लबों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न रामलीला क्लबों के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए एक समिति गठित कर कलाकारों की प्रतिभा एवं प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया जाएगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, वर्तमान प्रधान सुरेश कुमार, कृष्णा रामलीला क्लब के प्रधान सुमित शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, मनोहर सिंह, उमाकांत सूदन, ठाकुर जरम सिंह, प्रितो देवी, विशाल सिंह, बशीर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनय मेहरा, एसडीओ राजीव, कनिष्ठ अभियंता अखिल, रश्मपाल सिंह, सुरेश कुमार, विजेंद्र पठानिया, विजेंद्र कबर, हजूरा सिंह तथा संतोष शास्त्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
