रक्कड़, 14 अगस्त (निस): राजकीय फार्मेसी कॉलेज रक्कड़ में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. शाइना शर्मा, मेडिकल ऑफिसर, पीरसलूही ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के संबंध में अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अत्तहर जावेद ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर कुहना पंचायत के पूर्व प्रधान श्री कूकी शाह जी सहित कॉलेज के स्टाफ सदस्य एवं कार्यालय कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा स्वस्थ एवं तनावमुक्त शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने का संदेश दिया गया।
