News Update

विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से विधायक मलेंद्र राजन ने किया संवाद

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 30, 2026 👁 1 hour पहले

इंदौरा, 29 अक्तूबर। विधायक मलेंद्र राजन ने आज वन विश्राम गृह, इंदौरा में क्षेत्र की चार पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की तथा पंचायतों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में पंचायत काठगढ़, बरसतपुर, गदराना और दीनी के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा स्थानीय लोगों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।

विधायक ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली और कहा कि पंचायतों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए उनके सुझाव विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

अपनी टिप्पणी दें