शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध चूड़धार ट्रेक पर रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब और हरियाणा से आए चार श्रद्धालु घने जंगल में रास्ता भटक गए। श्रद्धालुओं के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, चारों श्रद्धालु चूड़धार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे निर्धारित रास्ते से भटककर घने जंगल की ओर चले गए। रात होने के कारण उन्हें वापस रास्ता खोजने में परेशानी हुई। श्रद्धालुओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद सर्च टीम ने चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित खोज निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सभी श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
घटना के बाद प्रशासन ने चूड़धार आने वाले ट्रेकर्स और श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में केवल चिन्हित ट्रैक का ही इस्तेमाल करें और मौसम खराब होने या अंधेरा होने से पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचें।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेकिंग के दौरान मोबाइल फोन चार्ज रखें, समूह से अलग न हों और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
