Kangra

रिटायर्ड अधिकारी से ₹33 लाख की ठगी, ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर एक महीने तक बनाया शिकार

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 15, 2026 👁 26 minutes पहले


कांगड़ा/मंडी। हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कांगड़ा में साइबर जालसाजों ने एक रिटायर्ड अधिकारी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने का डर दिखाकर करीब एक महीने तक कथित तौर पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखा। इस दौरान आरोपियों ने अधिकारी से अलग-अलग खातों में करीब ₹33 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।


पीड़ित को आरोपियों ने जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर संपर्क किया और मनी लॉन्ड्रिंग केस में नाम आने की बात कही। गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें लगातार ऑनलाइन निगरानी में रखा गया और कार्रवाई से बचने के नाम पर रकम जमा करवाने के लिए मजबूर किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पैसे दोगुने करने का झांसा, ₹11 लाख निवेश करवाकर दिखाया डेढ़ करोड़ का लालच
वहीं, मंडी जिले में एक अन्य रिटायर्ड अधिकारी साइबर ठगों के निशाने पर आ गए। आरोपियों ने उन्हें निवेश के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा दिया। शुरुआत में अधिकारी से करीब ₹11 लाख रुपये का निवेश करवाया गया। इसके बाद उन्हें डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का लालच दिया गया।


बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोन या वीडियो कॉल पर कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डराए और पैसे की मांग करे तो तुरंत भरोसा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध मांग होने पर संबंधित विभाग या पुलिस से सीधे संपर्क करें।

अपनी टिप्पणी दें