रक्कड़, 14 अगस्त (निस): राजकीय फार्मेसी कॉलेज रक्कड़ में राष्ट्रीय लाइब्रेरियन दिवस धूमधाम से मनाया गया। यह दिवस पूरे भारत में लाइब्रेरी के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के निदेशक डॉ. आर्थर जावेद ने की। इस अवसर पर प्राचार्य सहित कॉलेज के विद्यार्थियों को लाइब्रेरी की उपयोगिता एवं विद्यार्थी जीवन में इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज की लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को देश के बड़े विश्वविद्यालयों की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह के दौरान भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष की छात्रा साक्षी रानी ने प्रथम स्थान, प्रथम वर्ष की नंदनी शर्मा ने द्वितीय स्थान तथा प्रथम वर्ष की जेसिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कॉलेज के लाइब्रेरियन विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को लाइब्रेरी के सही उपयोग, उसके महत्व तथा विद्यार्थी जीवन में इसके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, डॉ. उपासना ठाकुर ने समारोह की व्यवस्थाओं को संभालने के साथ मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
समारोह में कॉलेज का पूरा स्टाफ, डॉ. प्रतीक शर्मा, डॉ. विक्रांत आर्य, सहायक प्रोफेसर विशाखा धीमान, सहायक प्रोफेसर नवदीप सैनी सहित लैब स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
राजकीय फार्मेसी कॉलेज रक्कड़ में राष्ट्रीय लाइब्रेरियन दिवस मनाया
