देहरा, 14 अगस्त, 2026
विकास खंड देहरा के बचत भवन में 13 एवं 14 अगस्त, 2026 को “विकसित भारत – गांव की ओर रोजगार एवं अर्थविकास मिशन – वीबी-जी राम जी” के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के लिए दो दिवसीय जागरूकता एवं संवेदनशीलता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में 03 जिला परिषद सदस्य, 23 पंचायत समिति सदस्य, 59 ग्राम पंचायत प्रधान, 59 उप-प्रधान, 317 पंचायत सदस्य, 44 पंचायत सचिव, 15 तकनीकी सहायक तथा 14 ग्रुप संगठक सहित कुल 534 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वीबी-जी राम जी मिशन के उद्देश्यों, केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं तथा सामाजिक शिक्षा एवं खंड योजना अधिकारी द्वारा योजना के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही वीबी-जी राम जी अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप निदेशक, पंचायती राज, जिला कांगड़ा, बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा, तहसील कल्याण अधिकारी देहरा तथा खंड चिकित्सा अधिकारी देहरा ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनके जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर वृत्त पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
देहरा में “विकसित भारत – गांव की ओर रोजगार एवं अर्थविकास मिशन” पर दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
