जिलाध्यक्ष अंजना धीमान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी, एफआईआर वापस लेने की उठाई मांग l
कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
संवाददाता शुभम ठाकुर बिलासपुर l
प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजना धीमान ने की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों और कानून का दुरुपयोग कर रही है। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव और कानून के कथित दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजना धीमान ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें कानून का सहारा लेकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तुरंत वापस लिया जाए।
वहीं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा को राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने एफआईआर वापस लेने तथा कानून के कथित दुरुपयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
