ब्रेकिंग न्यूज़

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत सरकाघाट में होंगी 10 खेल प्रतियोगिताएं

फुटबॉल और बास्केटबॉल भी शामिल, एसडीएम कृष्ण कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश

खिलाड़ियों के पास 30 नवम्बर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाने का मौका, आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाई जा सकती है तिथि

सरकाघाट, 27 नवंबर। युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों से दूर रखने और उन्हें खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उपमंडल सरकाघाट में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर एसडीएम सरकाघाट कृष्ण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत पहले निर्धारित आठ खेल प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त अब फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इस प्रकार उपमंडल में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल सहित कुल 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी 30 नवंबर, 2026 तक https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर पंजीकरण की अंतिम तिथि आगामी 10 दिनों तक बढ़ाई जा सकती है। खिलाड़ी एक से अधिक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भी पंजीकरण करवा सकते हैं।

एसडीएम ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार जिला स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये, जबकि राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।

एसडीएम ने कहा कि चिट्टामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। खेलों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

उन्होंने सरकाघाट उपमंडल के युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सरकाघाट के युवाओं ने पहले भी खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में यह अभियान युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का एक बेहतर अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *