ब्रेकिंग न्यूज़

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत जोगिंदर नगर में होंगी दस खेल प्रतियोगिताएं

फुटबॉल और बास्केटबॉल भी अभियान में शामिल, एसडीएम मनीश चौधरी ने संबंधित विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

जोगिंदर नगर, 27 नवंबर।

युवाओं को नशे विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल जोगिंदर नगर में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत दस खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों को लेकर एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत पहले से निर्धारित आठ खेल प्रतियोगिताओं के साथ अब फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इस प्रकार उपमंडल में कुल दस खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए भी पंजीकरण कर सकते हैं।

एसडीएम ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर यह राशि 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये तथा राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि उपमंडल के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *