एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 अक्तूबर तक की कार्रवाई का ब्यौरा जारी, भांग के 34,644 पौधे नष्ट
नशे के खिलाफ मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इस वर्ष 274 मामले दर्ज, 438 आरोपी गिरफ्तार
मंडी, 02 नवंबर। जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) समिति की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को पुलिस लाईन के सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में नशामुक्त मंडी-स्वस्थ मंडी अभियान के तहत कानून प्रवर्तन एजेंसियों, संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक स्वरूप प्रदान करने के दृष्टिगत शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां तथा वॉकथॉन आयोजित करने पर भी बल दिया जा रहा है।
आर्थिक अपराधों पर कड़ी नज़र, 61.30 लाख से अधिक की संपत्ति अटैच
उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में वित्तीय जांच से संबंधित 70 मामले विभिन्न स्तर पर परिविक्षाधीन हैं। वहीं, वर्ष 2025 से 31 अक्तूबर, 2026 तक कुल छह मामलों में आरोपियों की 61 लाख 30 हजार 757 रुपये की संपत्ति अटैच की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 70 लाख 56 हजार रुपये की संपत्ति अटैच करने के मामले में सक्षम प्राधिकारी से पुष्टि प्राप्त होना शेष है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि 1 जनवरी, 2026 से जिला मंडी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 31 अक्तूबर तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 274 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 438 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 418 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं
उन्होंने बताया कि दर्ज मामलों में अफीम एवं अफीम डोडा के 7, हेरोइन के 93, चरस के 143 तथा प्रतिबंधित एमडीएमए, नशे के सेवन एवं एनडीपीएस एक्ट के अन्य 11 मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से अफीम एवं भांग की खेती से संबंधित 20 मामले दर्ज किए गए हैं।
सितंबर, 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 मामले दर्ज किए गए, जिनमें हेरोइन के 8 मामले शामिल थे। इस दौरान 87.69 ग्राम हेरोइन, 2.649 किलोग्राम चरस, 1.185 किलोग्राम अफीम डोडा तथा 937 ग्राम भुक्की बरामद की गई। वहीं, अक्तूबर माह में 18 मामले दर्ज हुए, जिनमें हेरोइन के 6 मामले शामिल हैं। इस दौरान 112.05 ग्राम हेरोइन और 7.765 किलोग्राम चरस बरामद की गई। सितंबर में 39,705 तथा अक्तूबर में 34,644 भांग के पौधे नष्ट किए गए।
*पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 आरोपियों के डिटेंशन आदेश*
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक मंडी पुलिस द्वारा कुल 34 मामले पुलिस मुख्यालय के माध्यम से एडवाइजरी बोर्ड को भेजे गए हैं। वर्ष 2026 में अब तक 25 मामले भेजे गए हैं तथा छह आरोपियों के डिटेंशन आदेश जारी किए गए हैं।
*भांग के 34,644 पौधे किए नष्ट*
भांग की अवैध खेती के उन्मूलन के लिए जिला पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 34,644 भांग के पौधे नष्ट किए गए हैं। संबंधित विभागों द्वारा भी अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ब्रह्म कुमारी संस्था सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
