News Update

सुंदरनगर में मिल्कफेड का दीपावली मिठाई आउटलेट शुरू, एसडीएम अमर नेगी ने किया शुभारंभ

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 November 3, 2026 👁 2 hours पहले

शुद्ध देसी घी से बनी मिठाइयां उचित दामों पर उपलब्ध

दीपावली के त्योहार के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने सुंदरनगर में मिठाइयों का अस्थायी आउटलेट शुरू किया है। सोमवार को एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने इसका विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि मिल्कफेड पिछले दो वर्षों से दीपावली के अवसर पर सुंदरनगर में मिठाइयों का स्टॉल लगा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को त्योहार के दौरान शुद्ध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मिल्कफेड द्वारा तैयार मिठाइयां शुद्ध देसी घी और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध से बनाई जाती हैं। मिठाइयों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ इन्हें उचित दामों पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दीपावली पर मिल्कफेड की मिठाइयों को प्राथमिकता दें। इससे सरकारी उपक्रम को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आउटलेट दीपावली तक खुला रहेगा और मिठाइयां उपलब्ध स्टॉक के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बेची जाएंगी।

मिल्क प्लांट चक्कर के यूनिट इंचार्ज विश्वकांत शर्मा ने बताया कि आउटलेट में डोडा बर्फी, पिन्नी, पंजीर, मिल्क केक, ब्राउन पेडा़, सोन पापड़ी, रोस्टेड चना बर्फी, काजू बर्फी, मोतीचूर के लड्डू सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां उपलब्ध हैं। इसके अलावा सेलिब्रेशन व गिफ्ट पैक, रसगुल्ले और गुलाब जामुन भी बिक्री के लिए रखे गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए शुगर फ्री मिठाइयों की भी व्यवस्था की गई है। इनमें शुगर फ्री मिल्क केक, कोकोनट बर्फी और पहाड़ी बर्फी शामिल हैं।

अपनी टिप्पणी दें