क्षेत्र में जल्द शुरू होगी नई बस सेवा, चौधरी व धीमान बस्ती के लिए बनेगी सड़क
शाहपुर, 2 नवंबर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज मंझग्रां पंचायत के अंतर्गत जलाडी में 3 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ब्राइडल पाथ का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में जल्द ही नई बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों की मांग पर चौधरी और धीमान बस्ती के लिए सड़क निर्माण भी किया जाएगा।
उन्होंने एक नया हैंडपंप लगाने की घोषणा करते हुए जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान कर लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में विद्यार्थियों के लिए नए कोर्स शुरू किए गए हैं, ताकि विशेषकर बेटियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विकास, जिनका कुछ समय पहले दुर्भाग्यवश एक अप्रिय घटना में निधन हो गया था, के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने गांववासियों से प्राइमरी स्कूल जलाडी में बच्चों की संख्या बढ़ाने का भी आह्वान किया ।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पंचायत में पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत योगेंद्र, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज, सहायक अभियंता जल शक्ति रज्जाक मोहम्मद, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली, बीडीसी सदस्य आकाश, उपप्रधान विकास पठानिया, उपप्रधान क्यारी जोगिंदर सिंह, हरनाम सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर , चैन सिंह मनकोटिया, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
