टीवी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए चार पंचायतें सम्मानित
सरकाघाट, 8 अक्तूबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा के सभागार में ‘जोश टीम’ (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) के शुभारंभ को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।
एसडीएम ने वर्ष 2030 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और उपचार के संबंध में लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘जोश टीम’ के माध्यम से युवा स्वयंसेवकों और पंचायत प्रतिनिधियों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़कर जनभागीदारी को और मजबूत किया जा सकता है। युवा स्वयंसेवक और पंचायत प्रतिनिधि लोगों तक टीबी से संबंधित सही जानकारी पहुंचाने तथा समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर टीबी उन्मूलन अभियान में योगदान देने वाले पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्वास्थ्य विभाग, बलद्वाड़ा स्वास्थ्य खंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। विकासखंड गोपालपुर की ग्राम पंचायत खान और गौन्टा को सिल्वर तथा ग्राम पंचायत गोपालपुर और चौरी को कांस्य पदक प्रदान किए गए।
बैठक में बीएमओ बलद्वाड़ा डॉ. अनिल शर्मा, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी सरकाघाट संजीव कुमार, स्वास्थ्य खंड बलद्वाड़ा के चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, स्वास्थ्य कर्मचारी, क्षय रोग विभाग के कर्मचारी तथा विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
