टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिल्ली में आयोजित जोश (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य खंड सुंदरनगर की पांच पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में प्रमाणित होने पर सम्मानित किया गया। इनमें ग्राम पंचायत बरोटी, मलोह, समौण घांगनू, जरल और कंदार शामिल हैं।
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बीमारी की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जोश टीमों से गांव-गांव तक टीबी से बचाव, जांच और उपचार का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
बीएमओ रोहांडा डॉ. लाल सिंह ने बताया कि पांच पंचायतों को मिला टीबी मुक्त पंचायत प्रमाणन स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जोश टीमें स्वास्थ्य विभाग, माय भारत स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से कार्य करेंगी। टीमें लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच, उपचार और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी तथा टीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उन्होंने निक्षय मित्र बनने के लिए भी लोगों से आग्रह किया तथा इस हेतु समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आने का आह्वान किया।
