News Update

9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत डिडणु में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 7, 2026 👁 2 days पहले

धर्मपुर, 06 अक्तूबर। बाल विकास परियोजना धर्मपुर के अंतर्गत 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत डिडणु में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 102 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम बाराल की राजकुमारी की गोद भराई रस्म भी आयोजित की गई।

पर्यवेक्षक वृत्त बरोटी सुमन ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के आहार में स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा भोजन में विविधता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, रियूर, सुषमा ठाकुर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समुदाय की सहभागिता से कुपोषण की रोकथाम को प्रभावी बनाना है। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बनाल के प्रधान जय गोपाल ठाकुर, उपप्रधान ब्यास देव सहित वार्ड सदस्य, पर्यवेक्षक वृत्त लोंगणी सुनीता ठाकुर, पर्यवेक्षक वृत्त धर्मपुर विनोद कुमार, पर्यवेक्षक वृत्त मंढप रमण सिंह ठाकुर, सांख्यिकी सहायक पूरन चंद, अंजना कुमारी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें