November 23, 2026

सीएम सुक्खू की पहल से प्राकृतिक खेती को मिला बाजार का भरोसा, ऊना में 50 किसानों से खरीदी 150.8 क्विंटल मक्की

प्राकृतिक मक्की का 50 रुपये किलो मिल रहा समर्थन मूल्य, गेहूं, जौ, हल्दी और अदरक के दाम भी बढ़ाए

ऊना, 22 नवम्बर. खेती में मेहनत का पूरा फल तभी मिलता है, जब किसान को उसकी उपज का उचित दाम भी मिले। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए अब यह भरोसा मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की 50 रुपये प्रति किलो के भाव से खरीद रही है। ऊना जिले में इस सीजन अब तक 50 किसानों से 150.8 क्विंटल मक्की की खरीद की जा चुकी है।

जिला के लोअर बढेड़ा गांव के किसान रघुवीर सिंह पिछले 13 वर्षों से 12 कनाल भूमि पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इस वर्ष उन्होंने छह क्विंटल मक्की सरकारी खरीद केंद्र पर 50 रुपये प्रति किलो के भाव से बेची है। उनका कहना है कि प्राकृतिक खेती से तैयार उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को इस पद्धति को अपनाने का प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया।

*सरकारी खरीद से उपज बेचने का मिला भरोसेमंद माध्यम*

जिले में रामपुर और टकारला अनाज मंडियों के माध्यम से प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की की खरीद की जा रही है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के सहयोग से यह व्यवस्था की गई है। किसानों को उपज बेचने पर रसीद दी जा रही है और भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

सलोह गांव के किसान अशोक कुमार ने भी चार क्विंटल मक्की 50 रुपये प्रति किलो के भाव से बेची है। सरकारी खरीद की इस व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ उसे बेचने का भरोसेमंद माध्यम भी उपलब्ध हुआ है।

*ऊना में 10,608 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े*

ऊना जिले में इस समय 10,608 किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। जिले में करीब 1,460 हेक्टेयर भूमि पर इस पद्धति से खेती की जा रही है। अनेक किसान अपने परिवार की जरूरत के लिए गेहूं, मक्की और हल्दी जैसी फसलें उगा रहे हैं। इसके अलावा बची हुई उपज बेचने के इच्छुक किसानों को आत्मा परियोजना के माध्यम से सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।

kangrahp24@gmail.com

News Himachal 24 के लिए समाचार रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *