Kangra

सलेटी में प्रस्तावित आरोग्य आयुष्मान मंदिर को लेकर विवाद,

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 August 3, 2026 👁 1 hour पहले

ग्रामीण बोले— सेंटर प्वाइंट पर खुले अस्पताल

बीएमओ डाडा सिबा कार्यालय पहुंचे प्रधान सहित ग्रामीण, सौंपा मांग पत्र

बीएमओ डॉ. सतीश बोले— लोगों की बात सुनी गई है, मांग पत्र उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है

 

जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुड़ना-सलेटी क्षेत्र में प्रस्तावित आरोग्य आयुष्मान मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) के स्थान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल ऐसे स्थान पर स्थापित किया जाए जो सभी गांवों के लिए समान रूप से सुलभ हो। उनका कहना है कि अस्पताल का निर्माण सेंटर प्वाइंट पर होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

इसी मांग को लेकर ग्राम पंचायत की प्रधान मंजीत देवी व उप प्रधान राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को बीएमओ डाडा सिबा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन बीएमओ को सौंपते हुए अस्पताल के स्थान पर पुनर्विचार करने की मांग की।प्रधान व लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर इस वक्त प्रस्तावित आरोग्य आयुष्मान मंदिर का निर्माण होना है वह खड्ड किनारे है जबकि ग्रामीणों की मांग है यह गांव के मध्य बनना चाहिए ताकि आने जाने वाले को हर तरह की स्वास्थ्य सहूलियत आसानी से मिल सके।


स्थानीय गाँव वासियों में पूर्व उप प्रधान संसार चंद,रणजीत सिंह राणा,लेखराज,वीर सिंह,होशियार सिंह,सलीम,वार्ड पंच निशा देवी,सुमन कुमारी,राजकुमार,बिशन दास,अनु बाला सहित अन्य ग्रामीणों ने एक मुश्त होकर कहा कि वार्ड नम्बर 5 में लोगो ने करीब 3 कनाल भूमि दान की है जो कि गाँव का मध्य क्षेत्र पड़ता है। उन्होंने बीएमओ डाडा सिबा डॉक्टर सतीश के.फोतेदार से ज्ञापन सौंपकर मांग की ग्रामीणों की इस मांग को जरूर सुना जाए।

बीएमओ डॉ. सतीश ने बताया कि ग्रामीण अपनी मांग को लेकर उनके कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की बात गंभीरता से सुनी गई है तथा उनके द्वारा सौंपे गए मांग पत्र को नियमानुसार उच्च अधिकारियों को अग्रेषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे का निर्णय संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी ही लेंगे।

अपनी टिप्पणी दें