News Update

किन्नौर के पैरा शूटर ओम प्रकाश ने जीता रजत पदक, प्रदेश का बढ़ाया मान

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 August 3, 2026 👁 2 hours पहले

किन्नौर | न्यूज़ हिमाचल 24

जिला राइफल एसोसिएशन, किन्नौर के लिए गर्व का विषय है कि एसोसिएशन के पैरा शूटर श्री ओम प्रकाश, पुत्र श्री अशोक कुमार, निवासी गांव कुन्नू, तहसील मोरंग, जिला किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) ने नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा 13 जुलाई से 30 जुलाई, 2026 तक त्रिशूल शूटिंग रेंज, देहरादून (उत्तराखण्ड) में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया।

इस उपलब्धि के साथ ओम प्रकाश ने न केवल जिला किन्नौर, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

जिला राइफल एसोसिएशन के अनुसार यह सफलता एसोसिएशन के निरंतर प्रयासों, बयूल शूटिंग रेंज में उपलब्ध आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं तथा जिला शूटिंग कोच महेश नेगी के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।

एसोसिएशन ने शूटिंग खेल को निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन किन्नौर तथा उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा (भा.प्र.से.) का विशेष आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर जिला राइफल एसोसिएशन, किन्नौर के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों ने ओम प्रकाश को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि जिले के युवाओं और पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा भविष्य में वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम और अधिक रोशन करेंगे।

अपनी टिप्पणी दें